उत्तराखंड

ज़मीनी विवाद में रिवॉल्वर से ‘दबंगई’ दिखाना पड़ा भारी

पोखरी पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

चमोली/जनमुद्दा

जनपद चमोली के थाना पोखरी क्षेत्र में एक साधारण कहासुनी ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब भूमि विवाद के चलते विवादित पक्षों के बीच मारपीट और फायरिंग की घटना सामने आई।

दिनांक 10.04.2026 को वादी दिनेश सिंह निवासी ग्राम नखोलियाना द्वारा थाना पोखरी में आकर तहरीर दी गयी कि राजेंद्र सिंह असवाल पुत्र श्याम सिंह असवाल निवासी पोखरी उम्र 72 वर्ष एवं दीपेंद्र असवाल पुत्र राजेंद्र सिंह असवाल उम्र 44 वर्ष निवासी उपरोक्त व श्रीमती पार्वती देवी पत्नी राजेंद्र असवाल निवासी उपरोक्त द्वारा उनकी पत्नी एवं भाई के साथ मारपीट की गई, जान से मारने की धमकी दी गई तथा जाति सूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित किया गया।

पूछताछ में सामने आया कि दोनों पक्षों के बीच पूर्व से ही भूमि विवाद चल रहा था इसी दौरान कल 10.04.26 को कहासुनी हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी राजेंद्र सिंह असवाल ने कानून का डर छोड़कर अपने लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायरिंग कर दी। जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल उत्पन्न हो गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना पोखरी पर तत्काल मुकदमा अपराध संख्या 03/2026 धारा 109(1)/115/117/351/352 भारतीय न्याय संहिता, एससी/एसटी एक्ट एवं 25/27 शस्त्र अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।

दिनांक 11 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम द्वारा अभियुक्त राजेंद्र सिंह असवाल व दीपेंद्र असवाल को गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्तों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

चमोली पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। आपसी विवादों को कानून के दायरे में रहते हुए सुलझाएं, किसी भी प्रकार की हिंसा या अवैध कार्यवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Related Articles

Back to top button